इटारसी। सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल तिलक सिंदूर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 14 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाले भव्य मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। लाखों की संख्या में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा और एसडीएम नीलेश शर्मा मेला प्रांगण पहुंचे।
प्रमुख स्थलों का निरीक्षणअधिकारियों ने मंदिर प्रांगण, मुख्य मार्ग, और वाहन पार्किंग स्टैंड का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए पुलिस बल की तैनाती और ट्रैफिक प्लान को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। विशेष रूप से उन संकरे रास्तों का मुआयना किया गया जहां भीड़ बढ़ने की संभावना अधिक रहती है।
प्रशासन और समिति की संयुक्त बैठक
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमले के साथ मेला समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की । इस अवसर पर एसडीओपी वीरेंद्र सिंह मिश्रा, पथरोटा थाना प्रभारी संजीव पवार, मेला समिति अध्यक्ष नारायण बाबरिया, मीडिया प्रभारी विनोद वारिवा, पीडब्ल्यूडी से कैलाश वीलिया, हरिकिशोर मेहतो व अन्य उपस्थित थे।










