इटारसी। शहर के विभिन्न स्कूलों में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की गूँज के साथ ‘स्पीक मैके’ द्वारा आयोजित छह दिवसीय ओड़िसी नृत्य कार्यशाला का भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन शासकीय माध्यमिक विद्यालय साकेत, कन्या हाईस्कूल पुरानी इटारसी और हायर सेकेंडरी स्कूल मेहरागांव में ओड़िसी नृत्यांगना लावण्या घोष (कोलकाता) ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
कार्यशाला के दौरान लावण्या घोष ने छात्र-छात्राओं को ओड़िसी नृत्य की बारीकियों, जैसे भूमि प्रणाम, हस्त मुद्रा और कृष्णलीला अभिनय का प्रशिक्षण दिया। संस्था प्राचार्य श्रीमती नीतू चौहान और हरीश चोलकर ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में शास्त्रीय संगीत के प्रति रुचि जागृत होगी। स्पीक मैके के समन्वयक सुनील बाजपेई ने बताया कि छह दिनों में शहर के जीनियस प्लानेट, केंद्रीय विद्यालय, आनंद पब्लिक स्कूल सहित कई संस्थाओं में सफल प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का संचालन भूपेंद्र दुबे ने किया।










