भोपाल/इटारसी। आज रविवार को भगवान बिरसा मुंडा सभागृह एमपी नगर भोपाल में हमारा गांव संगठन मध्यप्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। संगठन के संयोजक दुर्गेश धुर्वे ने संगठन के उद्देश्य के बारे में विस्तार से पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को बताया और आगामी 3 माह में कार्यकर्ताओं का 3 दिवसीय प्रशिक्षण रखने की बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह मरकाम ने कहा शासन की योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत आदिवासी समाज को मिल जाये तो सारी समस्या खत्म हो सकती है। प्रदेश संस्कृति एवं रीति रिवाज प्रमुख शिवकुमार कुंजाम ने आदिवासी समाज की विलुप्त होते हुए संस्कृति एवं रीति रिवाज की चिंता जतायी।
संगठन के संस्थापक रवि ने संविधान का वाचन कर अनुशासन बनाये रखने को कहा एवं संगठन के नियमों कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया। बैठक में आरटीआई एक्टिविस्ट उदय ने कार्यकर्ताओं को आरटीआई के अधिकार और उसे प्रभावी रूप से इस्तेमाल करने के तरीके बताये। बैठक में लगभग 10 जिले के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे एवं अपने अपने क्षेत्र की मुख्य समस्याओं पर चिंतन कर रणनीति बनायी।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश संयोजक दुर्गेश धुर्वे, प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह मरकाम, प्रदेश सचिव राघवेंद्र भलावी, प्रदेश खेल प्रमुख रंजित सर्राटी, प्रदेश संस्कृति प्रमुख शिवकुमार कुंजाम, कोषाध्यक्ष कामता सिंह, अनिकेत मरावी, ब्रजेश उईके, विकास सेलुकर, दारासिंह कास्दे, राजीव बैगा, जय सिंह बारसकर, संजय सिंह पन्द्राम, जिला संयोजक, ब्लॉक पदाधिकारी उपस्थित रहे।