इटारसी। जिला न्यायाधीश एवं तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष आदित्य रावत ने कहा है कि संविधान में दिए गए मूल कर्तव्य वैज्ञानिकता, तार्किकता और मानवता के प्रसार की बात करते हैं। उन्होंने यह बात शासकीय हाई स्कूल सनखेड़ा में आयोजित एक निबंध प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में कही।
यह निबंध प्रतियोगिता राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर ‘मूल कर्तव्य एवं वर्तमान में उनकी प्रासंगिकता’ विषय पर आयोजित की गई थी।
विजेताओं की सूची
- प्रथम स्थान : कुमारी यशोदा
- द्वितीय स्थान : रानी प्रजापति
- तृतीय स्थान : सुशील चौरे
जिला न्यायाधीश आदित्य रावत ने विजेता छात्राओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने बताया कि संविधान के 11 मूल कर्तव्य व्यक्ति के सभी पहलुओं को समाहित करते हुए राष्ट्रीय विकास, एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण के प्रति मानवीय दृष्टिकोण को रेखांकित करते हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि इन कर्तव्यों की जानकारी सभी को होना आवश्यक है। इस अवसर पर स्कूल की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती विभा गौर, अन्य शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।








