इटारसी। न्याय के मंदिर में अपने जीवन के चार दशक समर्पित करने वाले वरिष्ठ विधि विशेषज्ञों का सम्मान करना समाज और न्यायपालिका के लिए गौरव का क्षण है। अधिवक्ता संघ इटारसी ने वकालत के 40 वर्ष पूर्ण कर चुके 15 वरिष्ठ अधिवक्ताओं का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
समारोह में मुख्य अतिथि तृतीय प्रधान जिला न्यायाधीश आदित्य रावत, प्रथम अतिरिक्त जिला न्यायाधीश अनीता खजुरिया, न्यायिक दंडाधिकारी सूर्यपाल सिंह राठौर, आयुषी गुप्ता और यतिन अग्रवाल ने भी मंच साझा किया। जिला मुख्यालय से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शर्मा मैडम ने भी सभी सम्मानित अधिवक्ताओं को अपनी शुभकामना पत्र प्रेषित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इनका हुआ सम्मान
वकालत के क्षेत्र में 40 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर संघ ने अरविंद जैन, प्रेम शंकर मिश्रा टैक्स बार, दिनेश चौरसिया टैक्स बार, दिनेश कुमार शर्मा, आरके तिवारी, अजय तिवारी, आरएन पगारे, मोहन गुप्ता, एमआई खान, आरबी पांडे, ओपी रैकवार, अशोक शर्मा, हिमांशु मिश्रा, अरविंद गोईल, पूनम चंद जैन टैक्स बार को सम्मानित किया। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रमेश राजपूत और सचिव पारस जैन ने अपने संबोधन में वरिष्ठों के अनुभव को कनिष्ठों के लिए मार्गदर्शक बताया। कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीशों के साथ-साथ शासकीय अभिभाषक बीएस भदौरिया, पूर्व अध्यक्ष संतोष गुरियानी और प्रवक्ता विनोद भावसार का भी सम्मान किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मनीष बाजपेई, महिला उपाध्यक्ष श्रीमती ममता नागेश, कोषाध्यक्ष राजेश चौरे, सहसचिव विजय दुबे, ग्रंथपाल कंचन मेहरा सहित टैक्स बार एसोसिएशन और अधिवक्ता संघ के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। संचालन संतोष गुरियानी ने एवं आभार प्रदर्शन राजेश चौरे ने किया।









