इटारसी। अहिल्या नगर, वार्ड 23, मोहल्ला समिति के एक प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष नवनीत कोहली के नेतृत्व में, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक सुजीत कुमार से भेंट कर वरिष्ठ नागरिकों और अन्य उपभोक्ताओं को बैंक सेवाओं में आ रही समस्याओं के प्रबंधन एवं समाधान के लिए चर्चा की।
प्रतिनिधि मंडल द्वारा उठाई प्रमुख समस्याएं
- लाइफ सर्टिफिकेट व्यवस्था : नवंबर माह में लाइफ सर्टिफिकेट (जीवन प्रमाण पत्र) बनवाने आ रहे वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैंक में पर्याप्त बैठक व्यवस्था एवं पेयजल का अभाव।
- टोकन प्रणाली : टोकन प्रक्रिया के तहत बैंक काउंटर से पेंशनरों के नाम पुकारने के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) का न होना, जिससे उन्हें असुविधा होती है।
- पेंशनर्स की भीड़ : हर माह के पहले सप्ताह में पेंशन पाने वाले वरिष्ठ नागरिकों की भीड़ को देखते हुए उनके लिए अलग से काउंटर का न होना।
- नोट बदलने की व्यवस्था : भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशों के बावजूद बैंक द्वारा कटे-फटे पुराने नोटों को बदलने की व्यवस्था को बंद करना।
- एटीएम की समस्या : अगस्त 2025 से नगर में बंद पड़े एटीएम केंद्रों के कारण उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी।
बैंक प्रबंधक का आश्वासन
बैंक प्रबंधक सुजीत कुमार ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया और समस्याओं के समाधान के लिए जो कदम उठाने की बात कही उनमें बैंक के हॉल में यथासंभव पर्याप्त बैठक व्यवस्था तत्काल करवाई जाएगी। टोकनधारी पेंशनरों के नामों को पुकारने के लिए बैंक काउंटर पर ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था शीघ्र करवाई जाएगी। अगले माह से बैंक स्टाफ बढ़ जाने पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अलग काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। कटे-फटे पुराने नोटों को बदलने की व्यवस्था शीघ्र बहाल की जाएगी। स्टेट बैंक ने राशि भरने वाली संस्था से करार कर लिया है, अत: बंद पड़े एटीएम केंद्र शीघ्र ही खुल जाएंगे।
ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण डोर स्टेप योजना
इस अवसर पर, बैंक प्रबंधक सुजीत कुमार ने बैंक ग्राहकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना भी साझा की। उन्होंने ग्राहकों से स्टेट बैंक की डोर स्टेप योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया।
- योजना का लाभ : इस योजना से जुडऩे पर ग्राहक घर बैठे राशि प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं।
- शुल्क : वरिष्ठ नागरिकों को इस सेवा के लिए कोई अन्य शुल्क नहीं देना पड़ेगा, जबकि अन्य उपभोक्ताओं को 50 रुपए का शुल्क देना होगा।
- संपर्क : इस योजना का लाभ उठाने के लिए ग्राहक 9152220220 अथवा 83022 666 22 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रतिनिधि मंडल के संरक्षक राकेश जाधव ने बैंक ग्राहकों के हित में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन देने के लिए बैंक प्रबंधक सुजीत कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधि मंडल में देवेंद्र पटेल, राजकुमार दुबे, गोविंद प्रसाद दीक्षित, के पी सैनी, प्रकाश ताम्रकार, विजय दुबे, लीलाधर यादव, बृजमोहन सिंह मीना, संदीप तिवारी, सुनील दुबे, हैप्पी शर्मा, विजय राव नाईक, और संतोष शर्मा आदि उपस्थित रहे।








