इटारसी। मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद द्वारा 22 अक्टूबर 2025 को राजधानी भोपाल में मुस्लिम समाज के युवाओं के लिए एक प्रदेश स्तरीय परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन इकबाल मैदान, हमीद मंजिल में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
इस परिचय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में दहेज रहित और अनावश्यक रस्मों (रासुमत) से मुक्त निकाह को बढ़ावा देना है। परिषद के मुताबिक, इस नेक पहल के लिए मुस्लिम नौजवान लड़के-लड़कियों में खासा उत्साह दिख रहा है। अब तक 100 से अधिक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा हो चुके हैं।
विधवा, तलाकशुदा और विधुर के रिश्ते भी होंगे
इस सम्मेलन की एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें उन पुरुषों और महिलाओं के लिए भी रिश्ते तय कराए जाएंगे जिनके पति/पत्नी का इंतकाल हो चुका है (विधवा/विधुर) या जिनका तलाक हो चुका है। ऐसे सभी इच्छुक पुरुष और महिलाएं भी अपने रिश्ते के लिए बायोडाटा ऑनलाइन या व्हाट्सएप नंबर 9301633484 पर भेजकर निशुल्क रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ने समाज के सभी वर्गों से इस पुनीत कार्य में सहयोग करने और अधिक से अधिक लोगों को इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।









