इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा में महाविद्यालय मानसिक स्वास्थ्य क्लब ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष फिल्म स्क्रीनिंग का आयोजन किया। प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को विश्व प्रसिद्ध फुटबॉलर पेले के जीवन पर आधारित फिल्म पेले : बर्थ ऑफ ए लीजेंड दिखाई गई।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
मानसिक स्वास्थ्य क्लब एवं एनटीएफ प्रभारी डॉ. सौरभ तिवारी ने फिल्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महान खिलाड़ी पेले का जन्म ब्राजील के एक अत्यंत निर्धन परिवार में हुआ था। तमाम अभावों के बावजूद उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प के बल पर न केवल अपनी पहचान बनाई, बल्कि अपनी टीम को विश्व विजेता भी बनाया।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पेले फुटबॉल इतिहास के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन बार (1958, 1962 और 1970) अपनी टीम को वल्र्ड कप जिताने में मुख्य भूमिका निभाई। यह फिल्म सिखाती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, निरंतर प्रयास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। फिल्म देखने के बाद विद्यार्थियों ने खेल भावना और जीवन में हार न मानने की सीख को साझा किया।









