सिवनी मालवा। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश की कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं से पूर्व शासकीय उच्चतर हाई स्कूल मकोडिय़ा में कक्षा नवमी के छात्र-छात्राओं ने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संकुल प्राचार्य हिरनखेड़ा राकेश साहू एवं प्राचार्य सोमलवाड़ा राममोहन रघुवंशी की उपस्थिति में मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। संचालन शिक्षिका तनीशा लोवंशी ने किया।
विदाई की इस वेला में कक्षा नवमी के छात्रों ने अपने सीनियर कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं ने स्कूल में बिताए अपने खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। उपस्थित प्राचार्यों और शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को परीक्षा में सफल होने के लिए जो सुझाव दिये उनमें समय का पालन करें, परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से आधा घंटा पूर्व पहुंचें, परीक्षा के दौरान पूर्ण अनुशासन बनाए रखें, बिना किसी मानसिक दबाव के शांतिपूर्ण मन से पेपर हल करें। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा अवकाश के दिनों में भी छात्र स्कूल आकर विषय संबंधी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।
समारोह में संस्था प्राचार्य हरि परेवा, रेवाराम कासदे, शैलेंद्र रामटेके, प्रतिभा नामदेव, श्रीमती रीमा सिंह, राधिका नामदेव, रेशमा सिकरवार और संतोष सोलंकी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में स्वल्पाहार का आयोजन किया गया और छात्रों ने संस्था को भी भेंट स्वरूप उपहार प्रदान किए।









