इटारसी। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के शांतिपूर्ण समापन के अवसर पर सुखतवा में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और दल के सदस्यों का भव्य स्वागत और सम्मान किया।
सम्मान भोज और अनूठी परंपरा
परीक्षा समाप्ति के पश्चात जनप्रतिनिधियों द्वारा परीक्षा कार्य में संलग्न सभी मेहमान अधिकारियों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण करने की यह परंपरा पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। ट्राइबल ब्लॉक में इस तरह का आयोजन अपने आप में एक मिसाल है, जो शिक्षा विभाग और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय को दर्शाता है।
इनका हुआ सम्मान
कार्यक्रम में मुख्य रूप से केन्द्राध्यक्ष राजेश मालवीय, सहायक केन्द्राध्यक्ष श्रीमती अम्बिका पारदे, फ्लाइंग स्कॉर्ट टीम के जिला व्यावसायिक एवं फ्लाइंग स्कॉर्ट टीम से प्रदीप पटवा एवं उनकी टीम के सभी सदस्यों का सम्मान किया। सम्मान भोज का आयोजन केसला मंडल अध्यक्ष सुशील बरखड़े, अखिल भारतीय साहू समाज के अध्यक्ष एवं पूर्व मण्डल अध्यक्ष अशोक साहू, और भाजपा मण्डल महामंत्री अजय साहू ने किया।
इस अवसर पर सहायक संचालक एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती आशा मौर्य, संस्था प्राचार्य प्रदीप सिंह राजपूत सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा। जनप्रतिनिधियों के इस आत्मीय व्यवहार की शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सराहना की है।









