इटारसी। क्रिसमस पर्व की पूर्व संध्या पर शहर के इवेंजलिकल लूथरन चर्च में हर्षोल्लास का वातावरण रहा। प्रभु यीशु मसीह के जन्म पर्व के उपलक्ष्य में चर्च परिसर में विशेष प्रार्थना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
नाटिका के माध्यम से जीवंत हुआ यीशु जन्म का प्रसंग
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संडे स्कूल के छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई नाटिका रही। बच्चों ने बड़े ही सुंदर ढंग से प्रभु यीशु के जन्म के दृश्यों को मंच पर जीवंत किया। इसके साथ ही मसीही गीतों और संगीत की मधुर प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कैंडल प्रज्वलित कर की गई प्रार्थना
इस अवसर पर चर्च के सदस्यों ने क्रिसमस ट्री के समीप एकत्रित होकर बाइबल के पवित्र वचनों का वाचन किया। सदस्यों ने मोमबत्तियां (कैंडल) प्रज्वलित कर विश्व शांति और जन-कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की। चर्च प्रबंधन और सदस्यों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने भक्ति और उत्साह के साथ इस उत्सव में सहभागिता की।









