- साइबर क्राइम पर फोकस, ट्रैफिक सुधार और संदिग्ध आय वालों पर रखी जाएगी कड़ी नजर
इटारसी। नर्मदापुरम जिले के पुलिस अधीक्षक साईंकृष्णा एस. थोटा ने आज पथरोटा पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया और पत्रकारों से संवाद स्थापित किया। एसपी थोटा ने अपनी कार्यप्रणाली और आगामी प्राथमिकताओं को पत्रकारों से साझा किया और कई महत्वपूर्ण मामलों पर सुझाव भी लिए।
अपराधियों में भय, जनता से समन्वय
एसपी थोटा ने अपनी प्राथमिकता स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके मातहतों को निर्देश दिए गए हैं कि ‘लोगों में पुलिस का भय न हो, केवल अपराधियों में भय हो, ऐसी व्यवस्था बनाई जाए।’ उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी मुख्य कार्यशैली का हिस्सा रहेगा।
साइबर अपराध पर ‘नवाचार’
साइबर अपराधों की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एक नवाचार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में साइबर सेल में काम करने के इच्छुक पुलिसकर्मियों का एक विशेष एक्जाम लिया गया है। इस एक्जाम के परिणाम आने के बाद सफल पुलिसकर्मियों को जिला, जोन और एसडीओपी स्तर पर तैनात किया जाएगा और उन्हें विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इसका उद्देश्य साइबर सेल को और मजबूत बनाना और लोगों की ‘पसीने की कमाई’ को जालसाजी से बचाना है।
चेक-पॉइंट पर रिकॉर्डिंग अनिवार्य
सड़क पर होने वाली पुलिस जांच (चेकिंग) को लेकर व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है। एसपी ने निर्देश दिए कि अब किसी भी स्थान पर चेकिंग करने से पहले कंट्रोल रूम को जानकारी देनी होगी। सबसे अहम यह कि जांच दल के पास एक कैमरा होगा, जो आमजन से होने वाली बातचीत को रिकॉर्ड करेगा। इससे पुलिसकर्मियों के व्यवहार की निगरानी की जा सकेगी। सारे थाने एक साथ एक ही समय पर जांच नहीं करेंगे, बल्कि अलग-अलग समयों पर जांच होगी।
यातायात और हेलमेट पर जोर
एसपी ने स्वीकार किया कि नर्मदापुरम जिला ट्रैफिक अव्यवस्था में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है। इटारसी में ट्रैफिक सुधार के लिए एसडीओपी ने एक वरिष्ठ अधिकारी की मांग भी की है। उन्होंने हेलमेट अभियान पर जोर देते हुए जनता से खुद अवेयर होने की अपील की। पुलिसकर्मियों द्वारा हेलमेट न पहनने की शिकायत पर एसपी थोटा ने सख्त रुख अपनाया और कहा कि ऐसी किसी भी घटना की फोटो उन्हें सीधे भेजने पर संबंधित पुलिसकर्मी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
महत्वपूर्ण चुनौतियां और कार्रवाई के निर्देश
एसपी थोटा ने नर्मदापुरम जिले को ‘प्रदेश के अन्य जिलों से काफी अलग और महत्वपूर्ण’ बताते हुए यहां की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजधानी के निकट होने, पचमढ़ी, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, पवित्र नर्मदा नदी और बड़े मेलों के कारण कानून व्यवस्था बनाए रखना कठिन कार्य है।
- अवैध गतिविधियों पर निगाह : जिले में माइनिंग का इश्यू, अवैध शराब और सट्टा जैसे अपराध प्रमुख हैं, जिन पर मुस्तैदी से काम किया जाएगा।
- असामान्य आय वालों पर कड़ी नजऱ : एसपी ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उन लोगों की पहचान करें, जिनके पास आय के ज्ञात स्रोत नहीं हैं, लेकिन उनकी संपत्ति या पैसा लगातार बढ़ रहा है। उनकी आय के स्रोत की जांच की जाएगी।
- महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई : महिला संबंधी अपराधों में तत्काल मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। विवेचना में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- एसपी ने विश्वास जताया कि जिले की समस्याओं को समझने का उनका दौर चल रहा है, और जल्द ही सकारात्मक नतीजे सामने आने लगेंगे।









