इटारसी । भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के संयुक्त तत्वावधान में योग शिविर और ‘स्वदेशी से स्वावलंबन तक’ संकल्प दौड़ आयोजित की गई। योग और स्वदेशी का संदेश: कार्यक्रम की संरक्षक प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने युवाओं को स्वस्थ रहने के लिए योग को जीवन का लक्ष्य बनाने और विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलकर देश की उन्नति में सहयोग करने की प्रेरणा दी।
डॉ. राधा आशीष पांडे के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने स्वदेशी संकल्प दौड़ में हिस्सा लिया और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की शपथ ली। मुख्य वक्ता डॉ. सतीश ठाकरे ने विवेकानंद जी के जीवन और समाज सेवा के माध्यम से व्यक्तित्व विकास पर प्रकाश डाला।
युवा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. राधा आशीष पांडे एवं आभार प्रदर्शन डॉ. सतीश ठाकरे ने किया। इस दौरान महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।









