इटारसी। हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के पावन अवसर पर शहर में भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर 19 फरवरी, गुरुवार को स्वराज्य मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है।
छत्रपति शिवाजी महाराज आयोजन समिति के अध्यक्ष राकेश जाधव ने बताया कि महाराज के गौरवशाली इतिहास और उनके प्रेरणादायी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह रैली निकाली जा रही है। रैली का शुभारंभ दोपहर 12 बजे सरदार पटेल सतरास्ता एमजीएम कॉलेज के पास से होगा।
समिति ने शहर के सभी शिव-प्रेमियों और नागरिकों से इस आयोजन में उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है, ताकि स्वराज्य की भावना को जीवंत किया जा सके। आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।









