इटारसी। नर्मदापुरम के शोभापुर से पुलिस ने एक आदतन अपराधी को कट्टा और जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। बदमाश अनिल कहार निवासी भानपुर ने गलचा में शराब पीने से मना करने पर एक नाबालिग पर कट्टे से फायर करके शोभापुर भाग आया था। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उसका जुलूस भी निकाला।
उसने अपने दोस्तों के साथ ग्राम पंचायत भवन के पास खेल रहे एक 13 वर्षीय बालक से रंगपंचमी के दिन शराब पीने के लिए पानी मांगा और उस बालक पर शराब पीने के लिए दबाव बनाने लगा। जब बालक ने मना किया तो उसने कट्टा निकाला और उसे घुमाकर कहने लगा कि तुममे से किसको मारूं। इस दौरान उसने कट्टा चला दिया और बच्चे के सिर को छूती हुई गोली निकल गयी।
बच्चे के चेहरे पर भी छर्रे लगे हैं। परिजनों ने दहशत में कोई शिकायत नहीं की और घरेलू उपचार से बच्चे को ठीक करने का प्रयास किया। किन्तु उसे छर्रे लगने से इन्फेक्शन हो गया था। जब उसे शोभापुर में कट्टे के साथ गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह ग्राम गलचा में एक फायर करना स्वीकार किया।
गोली चलने की खबर के बाद पुलिस गांव पहुंची तो घटना की जानकारी मिली। अनिल कहार उर्फ फोरमेन की गांव में काफी दहशत थी। पुलिस के समझाने के बाद बच्चे के परिजनों ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। इससे पूर्व वे हल्दी-चूना लगाकर बच्चे का घर पर ही उपचार करते रहे।
शोभापुर पुलिस ने बदमाश अनिल उर्फ फोरमेन कहार पिता नन्नू कहार की गिरफ्तारी के बाद उसका नगर में जुलूस निकाला ताकि उसकी दहशत कम हो सके। बच्चे का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया। डॉक्टर का कहना है कि बच्चे के चेहरे पर इन्फेक्शन है, उसे भोपाल भेजना पड़ेगा। मामले में एसडीओपी मदन मोहन समर के साथ टीआई प्रवीण चौहान सहित पुलिस कर्मियों ने उसका जुलूस निकाला।








