इटारसी। तवा डेम के तीन गेटों को आज शाम 4:30 बजे के बाद खोलकर तवा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। आज दोपहर में डेम के कैचमेंट एरिया में भारी बारिश हुई है। बांध प्रबंधन ने पहले ही गेट खोलने का निर्णय ले लिया था। तवा डैम का वर्तमान जल स्तर 1159.80 फीट होने से गेट खोलकर 14802 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। 31 जुलाई तक बांध में 1158 फिट पानी रखना है। जलस्तर इससे अधिक हो गया है, अत: अतिरिक्त पानी निकाला जा रहा है।
कार्यपालन यंत्री तवा परियोजना संभाग के अनुसार मौसम विभाग द्वारा आगामी 24 घंटे हेतु जारी ऑरेंज अलर्ट चेतावनी, तथा तवा बांध के जल संग्रहण क्षेत्र में हो रही निरंतर वर्षा से बांध में जल की आवक को देखते हुए, तवा बांध के बढ़ते जलस्तर को स्थिर रखने हेतु आज तवा बांध के 3 गेटों को 3-3 फीट खोलकर 14,514 क्यूसेक अतिरिक्त जल की निकासी की जा रही। उन्होंने तवा एवं नर्मदा नदी के किनारे बसे हुए गांव के लोगों को सतर्क रहने व नदी किनारे न जाने की सलाह दी है।









