इटारसी। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण तवा बांध अपनी पूरी क्षमता पर भर गया है। आज सुबह 10:30 बजे, बांध का जलस्तर 1165.98 फीट (355.40 मीटर) दर्ज किया गया, जो कि इसकी पूर्ण भराव क्षमता के बराबर है। बांध में जल संग्रहण 100 प्रतिशत हो चुका है।
बांध में लगातार पानी की आवक (49,444 क्यूसेक) को देखते हुए, प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर तवा डैम के पांच गेट 5 फीट तक खोल दिए हैं। इन गेटों से 44,073 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि पावर हाउस से भी 3,673 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। इस तरह तवा नदी में कुल 47,746 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
बाढ़ का खतरा, अलर्ट जारी
इस बड़े पैमाने पर पानी छोड़े जाने से तवा और नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिला प्रशासन ने नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने और नदी के पास बिल्कुल न जाने की चेतावनी जारी की है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
आज सुबह 10:30 बजे तक तवा डैम क्षेत्र में 12.60 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे कुल बारिश का आंकड़ा 1158.80 मिमी हो गया है। जिला प्रशासन ने सभी से सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनियों पर ध्यान देने की अपील की है।









