सिवनी मालवा। जीवा ज्योति हायर सेकेंडरी विद्यालय में हाल ही में आयोजित विभिन्न आयोजनों जैसे स्पोट्र्स, बाल दिवस, शिक्षक दिवस एवं युवा उत्सव में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस भव्य सम्मान समारोह ने बच्चों के उत्साह और आत्मविश्वास को नई ऊर्जा प्रदान की।
सम्मान समारोह बना प्रतिभाओं का मंच
कार्यक्रम की यह विशेषता रही कि विद्यालय के शिक्षकों ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से सम्मिलित किया। प्राचार्य और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और परिश्रम के परिणामस्वरूप, बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने का यह प्रयास किया गया है, जो आने वाली पीढ़ी को आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देगा।
अतिथियों ने सराहा विद्यालय का प्रयास
समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की राजा तिवारी ने कहा कि प्राचार्य डॉ. प्रवीण पाणिकर के मार्गदर्शन में विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों, खेल और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने ज़ोर दिया कि बच्चों में अनुशासन, आत्मबल और सकारात्मक जीवनशैली का विकास विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष पारीख ने कहा कि शिक्षकों द्वारा बच्चों को सर्वांगीण रूप से आगे बढ़ाने का कार्य देश के भविष्य की मजबूत नींव है। जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने विद्यार्थियों का अपने परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन से सम्मानित होना अत्यंत प्रशंसनीय बताया। नगर मंडल अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि शिक्षा ही किसी भी राष्ट्र की वास्तविक पूंजी है, और जिस देश की शिक्षा सुदृढ़ होती है वह विश्व में अग्रणी बनता है। प्राचार्य एवं संचालक डॉ. प्रवीण पाणिकर ने विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों का सर्वांगीण विकास करना ही संस्था की प्राथमिकता है।









