इटारसी। तुलसी चौक स्थित ठाकुरश्री द्वारिकाधीश राम जानकी मंदिर में बसंत पंचमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्या की देवी मां सरस्वती के प्राकट्य उत्सव और ऋतुराज बसंत के आगमन पर मंदिर परिसर को पीले रंग की थीम पर आकर्षक ढंग से सजाया गया।
विशेष श्रृंगार और सजावट
बसंत के उपलक्ष्य में ठाकुर श्री द्वारकाधीश को पीले वस्त्रों और फूलों से सजाया गया। यह मनमोहक श्रृंगार पंडित पीयूष शर्मा ने किया। मंदिर परिसर में एक भव्य झांकी सजाई गई, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। झांकी की साज-सज्जा महेश सोनी ने की। पूरे मंदिर परिसर को बसंती छटा बिखेरते हुए पीले रंग से सजाया गया।
प्रसाद वितरण एवं व्यवस्था
मंदिर समिति ने दानदाताओं के सहयोग से श्रद्धालुओं को पीले चावल का प्रसाद वितरित किया। बसंत उत्सव के इस सफल आयोजन की पूरी कमान समिति के वरिष्ठ सदस्य रमेश चांडक ने संभाली। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ लिए और बसंत आगमन की खुशियां मनाईं।










