इटारसी। न्याय और कानून के क्षेत्र में अपने जीवन के चार दशक समर्पित करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान करने के लिए अधिवक्ता संघ इटारसी एक भव्य समारोह का आयोजन करने जा रहा है। 18 जनवरी 2026 को न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता कक्ष में उन 15 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने वकालत के क्षेत्र में 40 वर्ष की गौरवशाली अवधि पूर्ण कर ली है।
सामान्य सभा की बैठक में बनी रणनीति
समारोह की रूपरेखा तैयार करने हेतु आज, 15 जनवरी को अधिवक्ता कक्ष में संघ की एक सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संघ के अध्यक्ष, सचिव सहित समस्त पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कार्यक्रम को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने हेतु आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
संघ के अध्यक्ष एवं सचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 जनवरी को प्रात: 11 बजे आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. सीतासरन शर्मा विधायक एवं संघ संरक्षक, विशिष्ट अतिथि नर्मदापुरम एवं इटारसी न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण रहेंगे। इस अवसर पर संघ के सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता भी उपस्थित रहकर अपने अग्रजों का उत्साहवर्धन करेंगे। अधिवक्ता संघ के प्रवक्ता विनोद भावसार ने बताया कि संघ के समस्त पदाधिकारियों ने सभी अधिवक्ताओं से इस गौरवपूर्ण समारोह में उपस्थित होने का विशेष आग्रह किया है।









