इटारसी। इटारसी स्टेशन क्षेत्र के निकट 12 बंगला कॉलोनी केयर के सदस्य अर्जुन उटवार ने आज (19 नवंबर 2025) नगर पालिका सभापति राकेश जाधव के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण मुख्य रूप से ठंडी पुलिया और जीआरपी थाने के पास नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे और थाने के समीप फेंके जा रहे सड़े-गले कचरे के ढेर के संबंध में था।
कचरे से बढ़ी आवागमन की समस्या
श्री उटवार ने सभापति जाधव को अवगत कराया कि रोड किनारे और जीआरपी थाने के पास कचरा फेंके जाने के कारण वहां जानवरों का बड़ा झुंड जमा हो जाता है। इससे क्षेत्र से गुजरने वाले रेलवे कर्मचारियों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सभापति ने दिया त्वरित आश्वासन
समस्या की गंभीरता को समझते हुए, नगर पालिका सभापति राकेश जाधव ने तुरंत ही इस पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पालिका के सफाई मुकदम (सुपरवाइज़र) को सख्त निर्देश दिए कि “इस स्थान पर कचरा बिल्कुल न फेंका जाए। आप अपनी कचरा निस्तारण की व्यवस्था दो दिनों के भीतर किसी अन्य स्थान पर सुनिश्चित करें, ताकि यहाँ से निकलने वाले रेल कर्मचारी एवं आम व्यक्ति को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कॉलोनी केयर सदस्य अर्जुन उटवार द्वारा उठाए गए इस कदम और सभापति राकेश जाधव द्वारा दिए गए त्वरित समाधान के आश्वासन से स्थानीय लोगों को जल्द ही इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।








