सिवनी मालवा। शहर सिवनी बनापुरा के नन्हे प्रतिभाशाली गणितज्ञों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाते हुए पूरे शहर को गौरवान्वित किया है। 16 अगस्त को स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ तेलंगाना के बालयोगी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हैदराबाद में आयोजित यूसीमास राष्ट्रीय स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में बच्चों ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया।
इस प्रतियोगिता में देशभर से आए 7000 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। बच्चों को महज़ 8 मिनट में 200 गणितीय सवाल हल करने का लक्ष्य दिया गया। यह चुनौतीपूर्ण कार्य नन्हे प्रतिभागियों की तेज गति और गहरी एकाग्रता की परीक्षा था।
अक्षतम और विशिष्ट ने मारी बाजी
सिवनी बनापुरा के होनहार छात्र अक्षतम मालवीय ने 8 मिनट में 190 सवालों के सही उत्तर देकर टॉप मेरिट रैंक हासिल की। वहीं, विशिष्ट मंडलोई ने भी अपनी अद्भुत क्षमता का परिचय देते हुए मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। दोनों बच्चों की यह उपलब्धि न केवल उनके परिश्रम का परिणाम है बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय भी है।
UCMAS सेंटर से चयनित हुए चार विद्यार्थी
सिवनी बनापुरा के UCMAS सेंटर से इस प्रतियोगिता के लिए चार बच्चों का चयन किया गया था। इनमें से अक्षतम और विशिष्ट ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे शहर का नाम रोशन किया।
गर्व और शुभकामनाओं का माहौल
बच्चों की इस सफलता पर यूसीमास सेंटर के संचालक जितेंद्र तिवारी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि बच्चों की कड़ी मेहनत, एकाग्रता और लगन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में ये बच्चे और भी बड़े मुकाम हासिल करेंगे।
साथ ही, समस्त अभिभावकों ने भी बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामनाएँ कीं।
शहर का मान बढ़ाने वाली उपलब्धि
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सैकड़ों शहरों और हजारों प्रतिभागियों के बीच सिवनी बनापुरा के बच्चों ने अपनी जगह बनाकर यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों के बच्चे भी बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करने की क्षमता रखते हैं। यह क्षण न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे शहर और जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।









