इटारसी। शहर के नवमी लाइन क्षेत्र में रविवार को ब्रज की पारंपरिक होली का उल्लास जीवंत हो उठा। अवसर था ‘ब्रज रंगोत्सव’ के शुभारंभ का, जहां मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने अपनी समृद्ध परंपराओं और भक्ति के साथ फाल्गुन मास का स्वागत किया।
भजनों की स्वर लहरियों से महकी शाम
श्रीमती रीटा चंद्रकांत अग्रवाल की मेजबानी में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शाम 5 बजे से ही ढोलक की थाप और मंजीरों की खनक के बीच ब्रज के पारंपरिक होली गीतों ने समां बांध दिया। महिलाओं ने राधा-कृष्ण के स्वरूप के साथ संगीतमय भजनों पर नृत्य कर उत्सव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
गुलाल के साथ फूलों की वर्षा

इस आयोजन की विशेषता फूलों की होली रही। मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने पारंपरिक मर्यादाओं के बीच एक-दूसरे पर फूलों और गुलाल की वर्षा की। उत्सव के दौरान फाग गीतों और नृत्य के माध्यम से ब्रज की होली के सभी प्रसंगों को सजीव किया गया।
आयोजन में उपस्थित महिलाओं ने बताया कि यह उत्सव केवल रंगों का मिलन नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। ब्रज के संगीत और अलहदा अंदाज में मनाई गई इस होली ने शहर में आगामी होली पर्व की उत्साहपूर्ण दस्तक दे दी है।









