सिवनी मालवा। श्री राम जानकी राधा कृष्ण मंदिर के चतुर्थ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पावन उपलक्ष्य में क्षेत्र में भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। ग्राम बाराखड़ में आयोजित शिव महापुराण कथा एवं शतचंडी महायज्ञ में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है।
डॉ. प्रज्ञा भारती करा रही हैं कथा श्रवण
मां नर्मदा प्रज्ञा शक्ति धाम मांगलिक घाट, जिला रायसेन से पधारीं सुप्रसिद्ध कथावाचक डॉ. प्रज्ञा भारती शिव महापुराण की पावन कथा का रसपान करा रही हैं। कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिव महापुराण के श्रवण मात्र से जीव के अनजाने में किए गए पापों का नाश होता है और समस्त तीर्थों के दर्शन के समान पुण्य फल प्राप्त होता है।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
इस आयोजन का विशेष आकर्षण यूके और यूरोप की सुप्रसिद्ध गायिका डॉ. निशि मल्होत्रा हैं। उनकी मधुर आवाज और भजनों की शानदार प्रस्तुति ने कथा में संगीत का अद्भुत रंग भर दिया है, जिससे श्रोता भाव-विभोर होकर नृत्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य यजमान लखन रघुवंशी एवं श्रीमती सुनीता रघुवंशी, महंत अवधेश तिवारी, संतोष तिवारी, मंदिर अध्यक्ष यज्ञेश तिवारी सहित अनेक लोग शामिल हो रहे हैं। आयोजन 17 फरवरी से शुरू होकर 23 फरवरी तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक शिव कथा का वाचन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में ग्रामीण जन सम्मिलित होकर धर्म लाभ ले रहे हैं।









