इटारसी। वन परिक्षेत्र इटारसी के अंतर्गत बाघदेव वन चौकी में आज पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसडीओ फारेस्ट मानसिंह मरावी, परिक्षेत्र अधिकारी वन महेंद्र गौर, उप वन क्षेत्र पाल अजय श्रीवास्तव के साथ वनकर्मियों ने पौधरोपण किया। वन विभाग ने यहां नीम, जामुन, आंवला, आम, कदम्ब आदि के करीब एक दर्जन पौधे रोपे हैं।
इस अवसर पर एसडीओ श्री मरावी ने बताया कि जुलाई के अंत तक वन विभाग का 5 से 7 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण सुधार के लिए आमजन को भी एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाना चाहिए। जैसे मां अपने बच्चों का लालन-पालन करती है, हमें भी पौधों का वृक्ष बनने तक पालन पोषण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अलावा अन्य विभाग भी पौधे लगायेगा। हम अपने जीवन में एक-एक पौधा लगाकर उसका पालन पोषण करें तो हम प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्य को निभाएंगे और आने वाली पीढ़ी पर उपकार भी होगा।
रेंजर महेंद्र गौर ने बताया कि आज विश्व पर्यावरण दिवस से इसकी शुरुआत की है। मानसून के सीजन में विभाग लगातार पौधरोपण का कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि वन चौकी का स्टॉफ ही बड़े होने तक इनकी देखरेख करेगा। इस दौरान एसडीओ श्री मरावी ने सभी को लगाये गये पौधों के लालन पालन और उनकी रक्षा की शपथ दिलाई।
पीएमश्री कन्या शाला में पौधरोपण

पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इटारसी में विधायक प्रतिनिधि जसवीर सिंह छाबड़ा की उपस्थिति में समस्त स्टॉफ के साथ पौधरोपण किया। इस अवसर पर श्री छाबड़ा ने कहा कि एक पेड़ का मतलब एक नई सांस, एक ठंडी छांव, एक हरा भविष्य। अगर हर कोई एक-एक पेड़ लगाएगा, तो आने वाली पीढिय़ों को एक सुंदर और सुरक्षित धरती मिलेगी। यही सच्ची देशभक्ति है, यही मां धरती के लिए हमारा प्यार है।
उन्होंने बताया कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के प्रयास से खेल मैदान को खेलने योग्य बनाया गया। खेल शिक्षक विनोद दुबे ने बताया कि इस मैदान में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा हॉकी खेल का अभ्यास प्रतिदिन किया जा रहा है। इस अवसर पर श्रीमती शिवि सूद, महेश मालवीय, प्रधान पाठक महेश कुमार रायकवार, विनय कुमार सोनिया, हरीश पटेल, श्याम कुमार दुबे, श्रीमती शोभना गौर एवं समस्त स्टाफ उपस्थित थे।
पर्यावरण के प्रति जागरुकता का संदेश

मां नर्मदा महाविद्यालय इटारसी में विश्व पर्यावरण दिवस पर महाविद्यालय स्टाफ ने पौधारोपण किया। महाविद्यालय संचालक दीपक हरिनारायण अग्रवाल ने पौधा रोपण कर पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया तथा अपने उद्बोधन में कहा कि सभी का फर्ज है कि हम आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण को बचाने का हर संभव प्रयास करें।









