इटारसी। पिछले चार दिनों से लगातार तवा बांध के गेट खुले हैं और तवा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। बांध के गेट खुले होने से सेठानी घाट नर्मदापुरम में नर्मदा का जलस्तर 937 फिट के आसपास चल रहा है। तवा डेम का जलस्तर 1159.20 फिट पर स्थिर है। बरगी डेम के 15 गेट 2.16 मीटर खुले हैं जिससे 4328 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। तवा डेम का एक गेट 5 फिट जिससे 5930 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। पावर हाउस को बिजली बनाने के लिए 3600 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है। इस तरह से बांध से कुल 11530 क्यूसेक पानी तवा नदी में छोड़ा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अभी बारिश का दौर और चलना है। ऐसे में उम्मीद है कि बांध के गेट बढ़ भी सकते हैं या बंद होकर दोबारा खुल भी सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि 31 जुलाई तक तवा बांध का जलस्तर 1158 फिट रखना है जो वर्तमान में करीब सवा फिट अधिक है। अत: जलस्तर मेंटेन रखने के लिए बांध के एक गेट से पानी छोड़ा जा रहा है। बांध में निर्धारित मात्र से करीब दो फिट से अधिक जलस्तर होने पर पहले तीन, फिर पांच, सात और नौ गेट तक खोले गये थे। वर्तमान में केवल एक गेट खुला है। इस तरह से लगातार गेट खुले होने का आज चौथा दिन है। वर्तमान में तवा बांध अपने जलभराव का 79.79 प्रतिशत भरा है। आज भी बांध के कैचमेंट एरिया में 3 बजे तक 9 मिमी वर्षा दज की गई थी।










