इटारसी। खंडवा जिले के थाना कोतवाली में दर्ज गुमशुदगी की एक 19 वर्षीय युवती को आज 07 अक्टूबर 2025 को इटारसी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित खोज लिया गया। खंडवा कोतवाली पुलिस से जीआरपी इटारसी को दूरभाष पर सूचना मिली थी कि गुमशुदा युवती निवासी गंजबाजार घासपुरा, जिला खंडवा, को इटारसी रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया है।
सूचना मिलते ही, जीआरपी इटारसी ने तत्काल एक टीम का गठन किया। इस टीम में प्रधान आरक्षक सुधीर, आरक्षक स्वाति, अमित कुशवाहा, सुमित और निखलेश मंडल शामिल थे। टीम ने गुमशुदा युवती की बुआ सलोनी पूर्वीया और फूफा रवि पूर्वीया के साथ मिलकर स्टेशन परिसर में तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान, युवती प्लेटफार्म नंबर 4/5 पर मिली, जिसकी पहचान उसकी बुआ द्वारा तत्काल कर ली गई।
सुरक्षा के मद्देनजर, गुमशुदा युवती को खंडवा पुलिस के आने तक थाना जीआरपी के महिला डेस्क में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया। बाद में, थाना कोतवाली खंडवा से एएसआई प्रकाश, प्रधान आरक्षक नितिन और आरक्षक निशा जीआरपी थाना इटारसी पहुंचे। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद जीआरपी इटारसी ने युवती को खंडवा पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया।









