इटारसी। नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुकी श्रीराम जन्म महोत्सव समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है। वर्ष 1963 से निरंतर जारी इस गौरवपूर्ण परंपरा के अंतर्गत, 19 मार्च गुरुवार से 27 मार्च शुक्रवार तक श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर परिसर भक्तिमय रस में डूबा रहेगा।
शंकराचार्य करेंगे अमृत वर्षा
इस वर्ष का आयोजन विशेष होने जा रहा है, क्योंकि श्रद्धालुओं को विश्वविख्यात प्रवचनकर्ता, श्रीमद् प्रयाग पीठाधीश्वर शंकराचार्य पूज्य स्वामी ओंकारानंद सरस्वती जी महाराज के मुखारविंद से रामकथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होगा। श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर, तुलसी चौक परिसर में प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक कथा चलेगी।
रामनवमी पर निकलेगी शोभायात्रा
आयोजन का मुख्य आकर्षण 27 मार्च को रामनवमी के पावन पर्व पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा होगी। दशकों पुरानी इस परंपरा के अनुसार, सायंकाल नगर के प्रमुख मार्गों से प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्म लाभ लेंगे।
जन-जन से सहभागिता की अपील
श्रीराम जन्म महोत्सव समिति ने नगर के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों और श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे इस महान धार्मिक अनुष्ठान में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएं। समिति के अनुसार, यह आयोजन केवल एक कथा नहीं, बल्कि इटारसी की उस जीवंत परंपरा का हिस्सा है जिसे नगरवासियों ने 61 वर्षों से संजोकर रखा है।









