इटारसी। नर्मदांचल की आस्था के केंद्र श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर में आज चैत्र नवरात्र और गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर 63वें श्रीराम जन्म महोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। 1963 से चली आ रही इस गौरवशाली परंपरा के अंतर्गत इस वर्ष भी भव्य आयोजन की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
कल से 27 मार्च (रामनवमी) तक प्रतिदिन श्रीमद प्रयागपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ओंकारानंद सरस्वती जी महाराज के मुखारविंद से भक्त श्रीराम कथा का रसास्वादन करेंगे। कथा प्रतिदिन सायंकाल 7 बजे से प्रारंभ होगी, जिसमें प्रसादी व शीतल पेय का वितरण भी किया जाएगा। रामनवमी पर निकलने वाले चल समारोह में इस बार भव्य अखाड़े, डंडा नृत्य और दिव्य सांस्कृतिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मुख्य संरक्षक विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा एवं संरक्षक प्रमोद पगारे के मार्गदर्शन में मंदिर को विद्युत रोशनी से सजाया गया है। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. नीरज जैन, कार्यकारी अध्यक्ष विपिन चांडक और सचिव अभिषेक तिवारी ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। समिति प्रवक्ता भूपेंद्र विश्वकर्मा ने नगर के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस भव्य आयोजन में शामिल होने की अपील की है।








