इटारसी। गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय पर्व के उल्लास के बीच आज इटारसी नगरी भक्ति के रंग में भी पूरी तरह सराबोर नजर आई। मालवीयगंज स्थित ऐतिहासिक बूढ़ी माता मंदिर में आयोजित होने वाले ‘श्री शतचंडी महायज्ञ’ का आज भव्य शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर शहर के मुख्य मार्गों से एक विशाल कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें मातृशक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।
जयकारों से गुंजायमान हुआ शहर
कलश यात्रा का शुभारंभ सुबह गांधीनगर स्थित माता महाकाली दरबार से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। सिर पर मंगल कलश धारण किए सैकड़ों महिलाओं की टोली जब बैंड-बाजों और माता के जयकारों के साथ सड़कों पर उतरी, तो पूरा माहौल धर्ममय हो गया। यात्रा गांधीनगर से प्रारंभ होकर नवग्रह दुर्गा मंदिर पहुंची, जहाँ आयोजन समिति और स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
भक्तिमय मार्ग और स्वागतयात्रा
मार्ग में लक्ष्मी नारायण जोधराज स्कूल और मालवीयगंज मुख्य मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया। इसके पश्चात कलश यात्रा बूढ़ी माता मंदिर परिसर पहुंची, जहाँ मंत्रोच्चार के साथ कलशों की स्थापना की गई।
अरणी मंथन के साथ महायज्ञ का आगाज
यज्ञ की शास्त्रीय परंपराओं का निर्वहन करते हुए शाम को ‘अरणी मंथन’ (अग्नि प्रज्वलन) के साथ श्री शतचंडी महायज्ञ की औपचारिक शुरुआत हुई। मंदिर समिति के सचिव जगदीश मालवीय और पार्षद श्रीमती गीता देवेंद्र पटेल ने बताया कि नगर की सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ यह आयोजन प्रतिवर्ष श्रद्धापूर्वक किया जाता है।










