इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी ने स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत एक सराहनीय और प्रेरणादायी कदम उठाया है। शहर से एकत्रित किए गए सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन को पुनर्चक्रित (रीसाइकल) कर उससे ‘मनमोहक रीसाइकल रेलिंग’ तैयार की गई है।
इस पहल की सबसे खास बात यह है कि यह आकर्षक रेलिंग एक ऐसे स्थल पर स्थापित की गई है, जो पहले नागरिकों और व्यापारियों द्वारा कचरा फेंकने का अड्डा बनता जा रहा था। नगर पालिका ने इस स्थान का न केवल सौंदर्यकरण किया, बल्कि कचरे को एक उपयोगी और सुंदर वस्तु में बदलकर इसे आकर्षण का केंद्र बना दिया है।
मुख्य उद्देश्य
- प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना।
- कचरे से संसाधन (Waste to Wealth) की सोच को बढ़ावा देना।
- सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यकरण कर शहर को स्वच्छ बनाना।
- नागरिकों को यह संदेश देना कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सबकी भागीदारी आवश्यक है।









