इटारसी। पुलिस ने 14 साल पुराने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी को बेंगलुरु से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत आरोपी को कर्नाटक से पकड़कर इटारसी लाया गया है।
मामला वर्ष 2012 का है, जब ग्राम मेहरागांव में दुर्गाबाई पति राजकुमार मौर्य की रिपोर्ट पर आरोपी रामपाल बरखने, भुरु उर्फ प्रमोद, राहुल बरखने और पूनम बरखने के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जिन्हें न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। चौथा आरोपी पूनम उर्फ अशोक पिता रामरतन बरखने घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था।
तृतीय अपर सत्र न्यायालय इटारसी ने आरोपी के विरुद्धस्थायी वारंट जारी किया था। पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की लोकेशन बैंगलोर कर्नाटक में ट्रैक की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
14 साल पुराने इस अंधे कत्ल के आरोपी को पकड़ने में इटारसी थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुन्देला, उनि प्रवीण यादव, सउनि इश्तियाक अली, प्रआर रामनारायण, आरक्षक राजकुमार, महेंद्र गुर्जर और आरक्षक भारत की सराहनीय भूमिका रही।









