इटारसी। वार्ड 30 स्थित सिंधी कॉलोनी में मुख्य सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। यह रोड बतरा बिल्डिंग के पीछे से संत कंवरराम सिंधी धर्मशाला तक कुल 120 मीटर लंबी और छह मीटर चौड़ी बन रही है। इस पर करीब छह लाख रुपए की लागत आएगी। आज नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उनके साथ एई मीनाक्षी चौधरी, वार्ड 06 के पार्षद जिम्मी कैथवास, वार्ड 11 के पार्षद अमित विश्वास, वार्ड 25 के पार्षद कुंदन गौर, वार्ड 19 के पार्षद राहुल प्रधान तथा सब इंजीनियर मयंक अरोरा भी मौजूद रहे।
पिछले महीने कॉलोनी के नागरिकों ने विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा से मुलाकात कर इस सड़क की स्थिति से अवगत कराके निर्माण कराने की मांग की थी। जनहित को प्राथमिकता देते हुए डॉ. शर्मा ने नगर पालिका के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप सड़क निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ किया।
यह सड़ न सिर्फ सिंधी कालोनी के लोगों के लिए वरन् यहां से मालवीयगंज, प्रतापपुरा सहित आसपास के लोगों के लिए आवागमन का मार्ग है। इस मार्ग के बन जाने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को फायदा होगा। रहवासियों ने सड़क निर्माण होने पर विधायक डॉ. शर्मा व नगरपालिका टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।








