इटारसी। सिंधी कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से दिखाई दे रहा एक कबर बिज्जू आखिरकार सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। पशु प्रेमी और सर्पमित्र अभिजीत यादव और उनकी टीम ने वन विभाग के सहयोग से इस वन्यजीव को पकड़कर जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ा।
यह रेस्क्यू तब संभव हुआ जब सिंधी कॉलोनी की गली नंबर 4 में रहने वाले गौरव देवानी ने अभिजीत यादव को अपने घर के आसपास कबर बिज्जू दिखने की सूचना दी। सूचना मिलते ही, वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देश पर सर्पमित्र अभिजीत यादव, अभय चौरे, मोहित मेहरा और राजा पाल तुरंत मौके पर पहुँचे। टीम ने पाया कि कबर बिज्जू का बच्चा घर की तीसरी मंजिल पर बने एक कमरे में रखी पेटी के पीछे छिपा हुआ था।
टीम के सदस्यों ने बिना किसी नुकसान के उसे सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद, कबर बिज्जू को वन विभाग को दिखाया गया और फिर उसे सुरक्षित रूप से वन परिक्षेत्र में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।









