इटारसी। शहर की जल भंडारण क्षमता को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के लिए नगरपालिका ने बड़ा कदम उठाया है। अमृत 2.0 योजना के तहत शहर के दो प्रमुख स्थानों पर पुरानी जर्जर पानी की टंकियों को हटाकर अधिक क्षमता वाली नई टंकियां बनाई जा रही हैं। इसी क्रम में पीपल मोहल्ला में करीब 1 करोड़ रुपए की लागत से बन रही नई पानी की टंकी का निरीक्षण नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और सीएमओ रितु मेहरा ने किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ एई मीनाक्षी चौधरी, उपयंत्री आदित्य पांडे और पार्षद पुत्र आकाश यादव मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी और इसे निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर की कुल जल भंडारण क्षमता में 11 लाख लीटर का सीधा इजाफा होगा, जिससे आने वाले वर्षों में पानी की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। यह योजना आने वाले 20-25 वर्षों की आबादी और पानी की जरूरत को ध्यान में रखकर बनाई गई है। तवा नदी क्षेत्र में नए ट्यूबवेल, धोखेड़ा से बिछ रही पाइपलाइन और नई टंकियों के निर्माण से इटारसी में जल संकट की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। काम तेजी से कराया जा रहा है।
यहां स्थित 12 लाख लीटर क्षमता की पुरानी टंकी जर्जर हो चुकी थी। इसके स्थान पर अब 20 लाख लीटर क्षमता की नई टंकी बनाई जा रही है। इस टंकी से पुरानी इटारसी के लगभग 40 प्रतिशत हिस्से, मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई होती है। नई टंकी बनने से इन क्षेत्रों में पानी का प्रेशर बढ़ेगा और सप्लाई अधिक सुचारु होगी। प्रकाश उद्यान में स्थित 2 लाख लीटर क्षमता की पुरानी टंकी को हटाकर अब 5 लाख लीटर क्षमता की नई टंकी बनाई जा रही है। यह टंकी पूरी न्यास कॉलोनी की जलापूर्ति का मुख्य केंद्र है। नई टंकी चालू होने के बाद ही पुरानी टंकी को हटाया जाएगा ताकि पानी सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा न आए।









