इटारसी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आवारा पशुओं से होने वाली समस्याओं से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा के निर्देशन में इंदौर से बुलाई गई विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम ने शहर के विभिन्न वार्डों में व्यापक स्तर पर सूअर पकडऩे की कार्रवाई की।
इन क्षेत्रों में चला रेस्क्यू अभियान
नगर पालिका की टीम ने शहर के उन संवेदनशील इलाकों को लक्षित किया जहाँ लंबे समय से गंदगी और आवारा पशुओं की शिकायतें मिल रही थीं। रेस्क्यू ऑपरेशन नरेंद्र नगर एवं नाला मोहल्ला, बूढ़ी माता मंदिर क्षेत्र, मालवीयगंज एवं खेड़ा, न्यास कालोनी, बंगलिया एवं दक्षिण बंगलिया, रेलवे स्टेशन के पीछे एवं गैरेज के पास का क्षेत्र में चलाया गया।
स्वच्छता और जन-स्वास्थ्य पर जोर
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि शहरवासियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। आवारा सूअरों के कारण फैलने वाली गंदगी और बीमारियों की रोकथाम के लिए यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। सीएमओ रितु मेहरा ने कहा कि इंदौर की प्रोफेशनल टीम अत्याधुनिक संसाधनों के साथ इस रेस्क्यू कार्य में लगी है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनी रहे।









