इटारसी। करीब पांच वर्ष पूर्व तत्कालीन नगर पालिका अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने महात्मा गांधी मार्ग और जयस्तंभ के आसपास के क्षेत्र को त्योहारी बाजार से मुक्त रखने का निर्णय लिया और उस पर कुछ वर्ष अमल भी किया। लेकिन, वर्तमान अधिकारियों ने उस निर्णय से परे फिर से एमजी मार्ग को दो संकरी गलियों में तब्दील कर दिया। जरा सा दुकान से बाहर सामान रखने पर जुर्माने की रसीद काटने वाली नगर पालिका ने स्वयं मिड-वे मार्केट लगाने की अनुमति दे दी।
जयस्तंभ चौक के पास, महात्मा गांधी मार्ग पर राखी बाजार सजने लगा है। यहां बारिश से बचाव के दुकानदारों ने पुख्ता इंतजाम किए हैं, ये अन्य जगह भी किये जा सकते थे। जयस्तंभ चौक से लेकर चिकमगलूर चौराहे तक राखी बाजार लगना शुरू हो गया है। कुछ दुकानें पहले ही खोल दी गई हैं, जबकि कई के लगने की तैयारी जोरों पर है। बारिश के चलते दुकानदारों ने पॉलिथिन की व्यवस्था कर पानी से सामान को बचाने के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इटारसी के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों लोग रोज इस बाजार में आते हैं।
बीच बाजार में दुकान होने से क्षेत्र का आवागमन तो प्रभावित होगा ही, संकरा मार्ग होने से दुर्घटना और अन्य अपराध, जैसे जेब कटना और अन्य भी होने की आश्ंाका बनी रहेगी। हालांकि इटारसी थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के अनुसार राखी बाजार में पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाओं को खास ध्यान में रखा है। संदिग्ध व्यक्तियों और बिना नंबर प्लेट वाली गाडिय़ों की निगरानी बढ़ाई जाएगी। यदि कोई संदिग्ध वाहन या व्यक्ति दिखा तो उसका परिचय पत्र और वाहनों की जांच की जाएगी। बाजार के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बैरीकेड लगाए जाएंगे।
दोपहिया सहित बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी ताकि ट्रैफिक सुचारू रूप से चल सके। हालांकि पुलिस के यह दावे केवल अखबार की सुर्खियां बटोरने तक होते हैं और कभी भी त्योहार के समय यह रोड नो व्हीकल जोन नहीं बन सका है। पुलिस के अनुसार बाजार में कई खास पॉइंट बनाए हैं जहां महिला आरक्षक व पुलिसकर्मी सतर्कता से सुरक्षा करेंगे। खास तौर पर महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जाएगा ताकि त्योहार के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो। आगामी समय में देखना दिलचस्प होगा कि आखिर नगर पालिका और पुलिस के ये इंतजाम कितने कारगर साबित होते हैं।








