इटारसी। नगर पालिका के अभियान जहाँ नागरिक वहीं नगर पालिका के तहत शुक्रवार को वार्ड 22 में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने स्वयं वार्डवासियों के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मौके पर ही समाधान की पहल
अध्यक्ष पंकज चौरे ने संवेदनशील प्रशासन का परिचय देते हुए कई शिकायतों पर तत्काल आदेश जारी किए।
- दूषित पेयजल: पगारे की चाल और हाजी मंजिल रोड पर पाइपलाइन लीकेज व दूषित पानी की समस्या को तुरंत सुधारने के निर्देश दिए।
- सफाई व्यवस्था: ऋषभ दुबे के मकान से शंकर मंदिर तक नाली व झाड़ियों की सफाई के आदेश दिए।
- निर्माण कार्य: वार्ड में 130 मीटर लंबी आरसीसी नाली निर्माण और पक्की सड़कों की कार्ययोजना को प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए।
- राजस्व कार्य: मिहानी सेल्स डिपो के पीछे सीमांकन प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने हेतु राजस्व अमले को निर्देशित किया
जनहितैषी कार्यशैली की सराहना
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि हमारा उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति आए। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती गीता देवेंद्र पटेल, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल सहित नपा के तकनीकी व राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।नगर पालिका की इस सक्रिय और सकारात्मक कार्यशैली से वार्डवासियों में हर्ष है।









