इटारसी। शहर के ‘ओल्ड इज गोल्ड’ परिवार ने होली मिलन समारोह का उत्साहपूर्ण आयोजन यादव भवन में किया। इस अवसर पर समूह के सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान हंसी-ठिठोली और काव्य पाठ का अनूठा संगम देखने को मिला। सदस्य अमरजीत सिंह छाबड़ा, बृजकिशोर पटेल, सुरेन्द्र सिंह भदौरिया, मनोज, शैलेन्द्र मौर्य, सुधीर जैन, हनीफ खान, अशोक यादव और ललित तिवारी सहित सभी मित्रों ने होली पर आधारित एक से बढ़कर एक हास्य-व्यंग्य रचनाएं प्रस्तुत कीं। रचनाओं के माध्यम से किए कटाक्ष और गुदगुदाते प्रसंगों ने उपस्थित सभी लोगों को लोटपोट कर दिया।
समारोह के अंत में सभी ने स्नेह भोज का आनंद लिया और आगामी वर्ष के लिए समूह की एकजुटता का संकल्प लिया। सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल पुरानी यादें ताजा होती हैं, बल्कि सामाजिक समरसता भी मजबूत होती है।









