इटारसी। मकर संक्रांति के त्योहार पर पतंगबाजी के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। मंगलवार को पुलिस टीम ने केसला और सुखतवा बाजार क्षेत्र का औचक भ्रमण कर पतंग एवं मांझा विक्रेताओं के यहां सघन जांच अभियान चलाया।
चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध
जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों के स्टॉक की जांच की और स्पष्ट निर्देश दिए कि चाइनीज मांझा का विक्रय किसी भी स्थिति में न किया जाए। पुलिस ने समझाया कि यह मांझा न केवल इंसानों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा है, बल्कि आकाश में उडऩे वाले बेजुबान पक्षियों के लिए भी काल साबित होता है। प्रशासन ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि चाइनीज मांझा बेचना या उसका भंडारण करना एक गंभीर अपराध है। यदि कोई भी नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उस पर न केवल जुर्माना लगाया जाएगा बल्कि कानूनी कार्रवाइ भी की जाएगी।
आगामी मकर संक्रांति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों और युवाओं से भी संवाद किया। उन्होंने अपील की है कि स्वदेशी सूती धागे का ही उपयोग करें, छोटे बच्चों को अकेले पतंग न उड़ाने दें, किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन करें।








