सिवनी मालवा। नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा के सभाकक्ष में आयोजित परिषद के विशेष सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। बैठक में प्रधानमंत्री को एक राष्ट्र-एक चुनाव के समर्थन, जीएसटी दरों में ऐतिहासिक कमी और आत्मनिर्भर भारत के लिए धन्यवाद प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
सीमांकन और अवैध कॉलोनियों पर फैसला
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल की ओर से कलेक्टर, नर्मदापुरम द्वारा प्रकाशित राजपत्र दिनांक 26 जुलाई 2024 के बाद, यदि ग्रामीण क्षेत्र मानकर किसी खसरे में कोई कॉलोनी या प्लॉट की रजिस्ट्री की जाती है, तो उन खसरों को भविष्य में नगर पालिका क्षेत्र में किसी भी स्थिति में सम्मिलित नहीं किया जाएगा। ऐसे प्लॉट और कॉलोनियों को अवैध माना जाएगा।
नगर पालिका ने क्रेता और विक्रेता दोनों को सचेत किया है कि रजिस्ट्री कराते समय दस्तावेजों की जांच अवश्य करें। अवैध होने की स्थिति में इसकी समस्त जवाबदेही क्रेता और विक्रेता की ही होगी।
आत्मनिर्भर भारत और किसान हितैषी प्रस्ताव
आत्मनिर्भर भारत अभियान में कृषकों को शामिल करते हुए उनकी फसलों के उचित दाम तथा आवश्यक खाद, बीज, पानी, बिजली के संबंध में भी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
शहरी विकास के लिए 30 प्रस्तावों पर सहमति
शहर के विकास के लिए कुल 30 आवश्यक प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें प्रमुख रूप से जो निर्माण कार्य और परियोजनाएं हैं उनमें कार्यालय का नवीन भवन, बच्चों एवं महिलाओं को स्वावलंबी बनाने हेतु करियर गाइडेंस, कोचिंग प्रशिक्षण और कंप्यूटर सेंटर का रेनोवेशन,, कंदेली नदी का सौंदर्यीकरण, गौशाला, मटन मार्केट, सब्जी मंडी, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, हॉकर्स जोन, खेल मैदान, पार्क, फायर स्टेशन, इनडोर स्टेडियम का निर्माण शामिल हैं।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्सों के नामकरण
बैठक में शहर के नवीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्सों का नामकरण राष्ट्र के महान व्यक्तित्वों के नाम पर करने का निर्णय लिया। इन्हें रानी अवंती बाई, महाराणा प्रताप, महाराज अग्रसेन, भगवान परशुराम, वीर दुर्गादास और सरदार वल्लभ भाई पटेल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स नाम दिए जाएंगे। इस विशेष सम्मेलन में प्रेमशंकर वर्मा विधायक, रितेश जैन अध्यक्ष, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, स्वाति शैलेन्द्र गौर उपाध्यक्ष, महेन्द्र सिंह परिहार मुख्य लिपिक लेखापाल, समस्त पार्षद और विशेष अनुमति प्राप्त नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









