– रेल मंत्रालय ने ब्रिज स्वीकृति का पत्र जारी कर दी जानकारी
नर्मदापुरम। रेलवे स्टेशन होशंगाबाद में दूसरा फुट ब्रिज बनेगा। सांसद उदयप्रताप सिंह के अथक प्रयासों से दूसरा ब्रिज स्वीकृत हो गया है। यह फुटब्रिज पुराने टूटे हुए एफबी के स्थान पर ही बनेगा।
जेडआरयूसीसी के सदस्य राजा तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को रेल मंत्रालय ने नए फुटब्रिज की स्वीकृति का पत्र जारी कर दिया है। अब जल्द ही नए ब्रिज का निर्माण होगा। लंबे समय से ग्वालटोली, रसूलिया, फेफरताल क्षेत्र के रहवासियों उसकी मांग कर रहे थे। सांसद उदय प्रताप सिंह भी इसके लिए दिल्ली में प्रयासरत थे। इस विषय पर सांसद सिंह ने कई बार रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात भी की थी।
रेल्वे स्टेशन पर नया फुट ओवर ब्रिज स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय लोगों में हर्ष है। श्री तिवारी ने कहा कि ग्वालटोली क्षेत्र के स्कूल व कॉलेजों के बच्चे, व्यापारी, स्नान करने वाले बुजुर्गों को अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल ने बताया कि पुराने एफबी के टूटने से आम लोग के आवागमन में परेशानी होती थी। जनता की जनभावनाओं को हमने सांसद तक पहुंचाया था। सांसद के माध्यम से डीआरएम से इस विषय पर मुलाकात की थी। हस्ताक्षर अभियान चलाकर रेल्वे के अधिकारियों को सौंपा था। अब क्षेत्र की जनता को इस समस्या से मुक्ति मिलेगी और जल्द ही एफओबी का निर्माण चालू होगा। इस सौगात पर नर्मदापुरम की जनता ने सांसद उदयप्रताप सिंह का आभार माना है।
उल्लेखनीय है कि रेलवे ने पुराना फुट ब्रिज तोड़कर नया ब्रिज बनाया है जो रेलवे स्टेशन के दूसरी तरफ रहने वालों के आवागमन की दृष्टि से किसी काम का नहीं है। दूसरी ओर रहने वालों ने लगातार इसके लिए मार्ग की थी और समाचारों के साथ ही सोशल मीडिया में भी इसके लिए काफी आलोचना रेलवे को झेलनी पड़ी थी। सांसद तक बात पहुंची तो उन्होंने लगातार प्रयास करके नया ब्रिज स्वीकृत कराया है, उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस पर काम प्रारंभ हो जाएगा।