इटारसी। श्री रामलीला एवं दशहरा महोत्सव के अंतर्गत आज से गांधी मैदान में श्रीराम लीला का मंचन प्रारंभ हुआ। शहर में गांधी स्टेडियम और वीर सावरकर मैदान पर श्रीराम लीला का मंचन होगा।
आज पहले दिन मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती रितु मेहरा एवं कार्यालय अधीक्षक संजय सोहनी, अजय यादव, कमलकांत, जगदीश पटेल सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारियों ने श्री गणेश, श्रीराम और माता सीता का पूजन कर रामलीला का मंचन प्रारंभ कराया। गांधी स्टेडियम में वृंदावन के श्री बालकृष्ण लीला संस्थान द्वारा एवं पुरानी इटारसी में श्री जगदंबा मंडल मैहर सतना का मंडल मंचन करेगा।
पहले दिन नारद मोह, राजा मनु और सतरूपा की तपस्या का मंचन किया। पहले दिन ही रामलीला देखने भक्त मैदान पर खासी संख्या में पहुंच गये हैं। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष रामलीला मंचन शाम को जल्दी प्रारंभ होकर रात 10 बजे तक ही होगा। चुनाव आचार संहिता लगी होने के कारण अब देर रात तक श्रीरामलीला का मंचन नहीं किया जा सकेगा।