इटारसी। सड़क हादसे के बाद सड़क पर गिरी मोटरसाइकिल को उठाकर ले जाने वाले शातिर चोर को इटारसी पुलिस ने धरदबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कीमती बाइक बरामद कर ली है।
हादसे के बाद हुई थी चोरी
घटना 8 मार्च 2026 की है। मालवीय गंज निवासी विनोद कुमार रैकवार जब सब्जी बाजार जा रहे थे, तब सड़क पर उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 05 जेडजे 9016 एक बोर्ड से टकराकर गिर गई। हादसे के बाद वे संभल पाते, इससे पहले ही मौके का फायदा उठाकर कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया था।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा एसडीओपी इटारसी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्ध चोर का फोटो प्राप्त हुआ। फोटो के आधार पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
मेहरा गांव नदी के पास से हुई गिरफ्तारी
17 मार्च 2026 को सटीक मुखबिर सूचना पर पुलिस ने मेहरा गांव नदी के पास घेराबंदी की। वहां हुलिए के आधार पर पंकज कटारे 28 वर्ष, निवासी इंद्रपुरा पुरानी इटारसी को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने हादसे के बाद सड़क पर गिरी मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 30 हजार रुपये की कीमती हीरो कंपनी की बाइक बरामद कर ली है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, प्रधान आरक्षक दिनेश कटारे, राकेश, आरक्षक सतीश, अंकित और नरेंद्र राजपूत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस अब आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।









