इटारसी। संयुक्त व्यापार महासंघ की एक महत्वपूर्ण त्रैमासिक बैठक साईंकृपा रेस्टोरेंट सभागार में हुई। बैठक के प्रारंभ में महासंघ सचिव सम्मुखदास सनी चेलानी ने एजेंडा में शामिल विभिन्न प्रस्तावों को विस्तृत रूप से रखा। महासंघ अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने विगत महीनों में की गई कार्रवाई से सदन को अवगत कराया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा अपने स्वामित्व की दुकानों का किराया100 गुना तक बढ़ाने के विरोध में कलेक्टर एवं एसडीएम को जनसुनवाई में दिए गए ज्ञापन, नगर पालिका को दिए हुए ज्ञापन आदि के बारे में बताया। कलेक्टर और एसडीम के कार्रवाई के बावजूद नगर पालिका द्वारा अभी तक कार्रवाई नहीं करने पर सर्वसम्मति से यह निर्णय किया कि उक्त मामले को न्यायालय में ले जाना उचित रहेगा। उसके बाद व्यापारियों की शिकायत पर अवैध होर्डिंग के खिलाफ की गई कार्रवाई से भी सदन को अवगत कराया।
बैठक के अगले चरण में एजेंडा में शामिल स्थानीय स्तर पर बिजली समस्या, कच्ची से पक्की दुकानें करने वाली कार्रवाई, बाजार क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा लगवाना तथा अतिक्रमण के लिए नियमावाली बनवाने हेतु प्रयास करना आदि एजेंडे के बिंदु मुख्य रूप से रहे। सभी समस्याओं पर मीटिंग में विस्तृत चर्चा की और सदन के अनुसार प्रस्ताव पारित किए।
बैठक में प्रमुख रूप से संरक्षक सुधीर गोठी, सतीश बैसाखिया, गुलाबचंद अग्रवाल, जयप्रकाश अग्रवाल तथा पदाधिकारी के रूप में राजेंद्र अग्रवाल बबलू, रवि अठोत्रा, अश्विनी अग्रवाल, प्रकाश मोटवानी, प्रमेश जैन, विशाल अग्रवाल, धर्मेश सिंघवी, विनोद कसार, कल्पेश अग्रवाल, रामानुज मौर्य, मनीष जायसवाल, बालमुकुंद हिंगोले, राजा जुनेजा, विजय राजू अग्रवाल, नरेश गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, जमुना साहू, अनुराग जैन गोल्डी, हरिनारायण थापक, चीकू मालवी आदि बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल बबलू ने किया।









