इटारसी। शहर के वार्ड 22, गुरुनानक स्कूल के पीछे आयोजित संगीतमय श्री शिवमहापुराण कथा महोत्सव में बुधवार को भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का प्रसंग अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। समस्त वार्ड वासियों ने भगवान शिव की भव्य शिव बारात निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कथा स्थल पर आयोजित इस वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव की बारात निकाली गई, जो आकर्षण का केंद्र रही। बारात में भक्त भजनों की धुन पर जमकर थिरके। माता पार्वती और भगवान शिव के विवाह के अलौकिक दृश्य को देख पूरा पंडाल हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
ग्राम बिछुआ से पधारे कथा व्यास पं. सौरभ दुबे ने शिव-पार्वती विवाह की कथा सुनाते हुए इसका आध्यात्मिक महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि शिव और शक्ति का मिलन जगत के कल्याण का प्रतीक है। कथा के दौरान भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। गत रात्रि 08 बजे से गुनगुन और गुंजन तिवारी सिस्टर द्वारा श्याम जी के कीर्तन की विशेष प्रस्तुति दी गई। इस सात दिवसीय महोत्सव का समापन 30 जनवरी को महाप्रसाद वितरण के साथ होगा।









