इटारसी। शहर के खेल मैदानों में एक बार फिर फुटबॉल की गूंज सुनाई दे रही है। फाइटर फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में आयोजित अंडर-14 और अंडर-17 (9 ए साइड) फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के पहले ही दिन स्थानीय प्रतिभाओं ने अपने कौशल और ऊर्जा से दर्शकों का दिल जीत लिया।
आज के मैचों में होशंगाबाद जिले की कुल 7 प्रतिष्ठित टीमो ने भाग लिया। लीग मैचों के दौरान खिलाडिय़ों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आरबीएफसी नयायार्ड, यंग बॉयज नयायार्ड, एनएफसी 12 बंगला, फाइटर फुटबॉल क्लब मेजबान, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री, इटारसी और पुलिस लाइन पैरामाउंट क्लब, होशंगाबाद की टीमें शामिल हुईं। अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग के बच्चों ने तकनीकी रूप से उन्नत खेल का प्रदर्शन किया।
इटारसी के उभरते खिलाडिय़ों ने अपने प्रतिद्वंद्वी टीमों को कड़ी टक्कर देते हुए मैदान पर अपनी श्रेष्ठता साबित की। कोच और खेल प्रेमियों ने बच्चों के तालमेल और गोल करने के जज्बे की जमकर सराहना की। आयोजन समिति के अनुसार, इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के छोटे बच्चों को पेशेवर फुटबॉल का अनुभव प्रदान करना और जिले स्तर पर एक मजबूत फुटबॉल संस्कृति विकसित करना है। आगामी दिनों में इन टीमों के बीच फाइनल मुकाबलों के लिए जंग और तेज होगी।









