इटारसी। शहर के ऑडिटोरियम में रविवार शाम हुए ड्रामे और युवक के दूसरी मंजिल से गिरने के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। प्रेम-प्रसंग और मारपीट के बाद अस्पताल में भर्ती घायल युवक हर्ष चौरे ने अब पुलिस के सामने अपने बयान बदल दिए हैं। पहले धक्का देने का आरोप लगाने वाले युवक ने अब इसे महज एक हादसा करार दिया है।
क्या था पूरा मामला?
रविवार देर शाम ऑडिटोरियम में विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान मालवीयगंज निवासी हर्ष चौरे वहां अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि जब दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी युवती के परिजनों को इसकी भनक लग गई और वे मौके पर पहुंच गए।
हंगामा, मारपीट और फिर चीख पुकार
युवती के परिजनों और हर्ष के बीच विवाद इतना बढ़ा कि बात मारपीट तक पहुंच गई। इसी बीच हर्ष के परिजन भी वहां पहुंच गए और ऑडिटोरियम परिसर जंग के मैदान में तब्दील हो गया। इसी गहमागहमी और अफरा-तफरी के बीच हर्ष अचानक दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर चोटें आने के कारण उसे तुरंत शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर, छाती और पसलियों में चोट का उपचार चल रहा है।
बयानों का पलटवार
इस घटनाक्रम में युवक के बयान पुलिस के सामने बदल गये हैं। घटना के तुरंत बाद घायल हर्ष और उसके करीबियों का आरोप था कि युवती के परिजनों ने उसे जानबूझकर दूसरी मंजिल से धक्का दिया है। पुलिस को दिए आधिकारिक बयान में हर्ष ने कहा, मेरा पैर फिसल गया था और मैं दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। मैं इस मामले में किसी पर भी केस दर्ज नहीं कराना चाहता।









