इटारसी। पथरोटा थाना क्षेत्र के ग्राम आमकचार में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर वहां रखे करीब 39 हजार रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस के अनुसार, फरियादी सुनील कुमार 38 वर्ष निवासी आमकछार 25 दिसंबर को किसी काम से परिवार सहित घर से बाहर गए हुए थे। इसी बीच अज्ञात आरोपियों ने सूने घर का फायदा उठाया। जब पीडि़त 27 दिसंबर की शाम घर लौटे, तो उन्हें चोरी का पता चला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पथरोटा पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संजीव पवार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








