इटारसी। अज्ञात चोर ने बीती रात पटवा लाइन में करीम पतंग वालों की दुकान में चोरी कर ली। सुबह दुकान खोलने पर घटना की जानकारी मिली तो दुकान मालिक ने इसकी खबर पुलिस को दी।
दुकान संचालक ने बताया कि उनकी दुकान करीम पतंग वालों के नाम से प्रसिद्ध है, अभी वे जनरल स्टोर चलाते हैं। बीती रात अज्ञात ने उनकी दुकान के सामने से वेंटीलेटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और करीब दस से बारह हजार रुपए की नगदी ले गया। उन्होंने बताया कि दुकान से सामान तो अधिक नहीं गया कुछ पर्स और खिलौने ही लेकर गया है।
उन्होंने कहा कि वर्षों पूर्व ताले तोड़कर इस बाजार में एक दुकान में चोरी हुई थी, वेंटीलेटर तोड़कर दुकान में घुसकर चोरी करने का यह पहला मामला है। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।









